बच्चों को सेहत का नशा चढ़ा रहे साइकिलिस्ट रूपेश बाली, 2300 दिनों से लगातार चला रहे साइकिल

जीरकपुर। नशे से दूर रहकर सेहत को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश लेकर साइकिल पर निकले अंबाला के साइकिलिस्ट रूपेश बाली आज बच्चों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। वर्तमान में जीरकपुर में रह रहे रूपेश बाली लगातार 2300 दिनों से प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर साइकिल चला रहे हैं। वह अब तक कुल 2,02,859 किलोमीटर का सफर तय कर चुके हैं। खास बात यह है कि मौसम कैसा भी हो, उनका साइकिलिंग का सिलसिला नहीं रुकता।

रूपेश बाली बताते हैं कि उनका उद्देश्य केवल साइकिल चलाना नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का संदेश फैलाना है। वह बच्चों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके साथ ही हेलमेट के इस्तेमाल, यातायात नियमों का पालन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता अभियान चला रहे हैं।

अब तक वह ट्राईसिटी के करीब 100 स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक कर चुके हैं। स्कूलों में बच्चों को समझाते हैं कि नियमित साइकिल चलाना और शारीरिक गतिविधियों में हिस्सा लेना स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। साथ ही सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

रूपेश बाली का मानना है कि बच्चों में छोटी उम्र से ही अच्छी आदतें विकसित की जाएं तो भविष्य में एक स्वस्थ, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार समाज का निर्माण किया जा सकता है। 2300 दिनों से लगातार साइकिल चलाने का उनका सफर इसी संकल्प और अनुशासन की मिसाल है। उनका संदेश साफ है—बच्चों को नशे का नहीं, सेहत का नशा चढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *