वार्ड नं. 19 से कांग्रेस की टिकट के दावेदार अशोक तिवारी ने हिंदुत्व और गौ-सेवा के मुद्दों पर जताई अपनी प्रतिबद्धता, पार्टी से मांगी उम्मीदवारी

अशोक तिवारी को टिकट मिलने से पार्टी को छिटक चुके हिंदू वोटरों का भी मिल सकता है समर्थन

चण्डीगढ़ : कांग्रेस के हिंदुत्ववादी नेता एवं समाजसेवी अशोक तिवारी ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड नं. 19 (इंडस्ट्रियल एरिया, फेस-2 एवं रामदरबार) से अपनी दावेदारी पेश करते हुए पार्टी से टिकट देने की मांग की है। अशोक तिवारी का कहना है कि उन्होंने हमेशा कांग्रेस पार्टी का समर्थन किया है और पार्टी ने जब भी उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपी, उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ उसका निर्वहन किया है।

अशोक तिवारी ने सनातन धर्म, गौ-माता की रक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का दावा किया है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन के दौरान भी उन्होंने गौ-संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद की तथा विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे।

उन्होंने मक्खन माजरा गौशाला में गौवंश के संरक्षण और उनके लिए न्याय की मांग को लेकर भी आवाज उठाई। इसके अलावा राम दरबार में कोविड काल के दौरान लगातार लंगर एवं सैनिटाइजर सेवा, जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा तथा क्षेत्र में स्वच्छता, पेयजल, बिजली-पानी, खेल मैदान और महिला स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों पर काम करने की बात कही।

अशोक तिवारी का दावा है कि पार्टी को जब भी उनकी जरूरत पड़ी, वह चट्टान की तरह उसके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि यदि मनीष तिवारी सांसद उम्मीदवार बने होते तो उन्होंने पूरे शहर में उनके समर्थन में प्रचार कर हिंदू संगठनों को एकजुट करने का प्रयास किया था।

उधर राजनीतिक पंडितों का मानना है कि अशोक तिवारी को टिकट मिलने से कांग्रेस को छिटक चुके हिंदू वोटरों का भी समर्थन मिलने की संभावना है।
अब देखना यह होगा कि कांग्रेस पार्टी आगामी चुनाव में अशोक तिवारी की दावेदारी को कितना महत्व देती है और उन्हें टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारती है या किसी अन्य दावेदार पर भरोसा जताती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *