Breaking News

2022 में हमने लोगों के घर-घर जाकर वोट मांगा और अब सरकार घर-घर जाकर जनता का काम कर रही : मलविंदर कंग

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने मान सरकार की नई पहल ‘सरकार आपके द्वार’ की तारीफ की और कहा मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आप सरकार पंजाब के लोगों से किए अपने हर वादे को एक-एक कर पूरा कर रही है और राज्य की तरक्की के लिए दिन-रात काम कर रही है।

गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कंग ने कहा कि ‘आप’ के लाखों कार्यकर्ता 2022 में लोगों के घर-घर गए और पंजाबियों से राज्य के विकास के लिए पार्टी के एजेंडे के बारे में बताकर उनसे एक मौका देने की गुहार लगाई। अब हमारी सरकार लोगों के घर जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।

जालंधर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में कैबिनेट की बैठक ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत लिए गए फैसलों के बारे में बताते हुए मलविंदर कंग ने कहा कि सरकार ने जालंधर शहर के कायाकल्प के लिए 95 करोड़ जारी किए हैं। साथ ही पिछले छह वर्षों से रूकी आदमपुर सड़क परियोजना का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री मान ने जालंधर को देश में एक मॉडल के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।

कंग ने कहा कि जिस तरह अरविंद केजरीवाल देश की राजनीति को आकार दे रहे हैं, उसी तरह भगवंत मान राज्य में ‘पंजाब की प्रगति’ के एजेंडे पर काम कर रहे हैं और बिना किसी भेदभाव के किसानों और नौजवानों समेत हर वर्ग की खुशहाली के लिए लगातार काम कर रहे हैं। कंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी राज्य में पर्चा कल्चर को खत्म कर भाईचारे को मजबूत करने का काम कर रही है।

अपने संबोधन के दौरान मलविंदर कंग ने पंजाब में घटते जलस्तर पर चिंता जताते हुए इसे बचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की जरूरतों को पूरा करने के लिए आप सरकार नहरों का पानी हर खेत तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। इस फैसले से कृषक समुदाय काफी उत्साहित है। कंग ने पिछले एक साल में मान सरकार के कामकाज पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि पंजाब में अब विदेश जाने का चलन बंद हो रहा है, जो राज्य के भविष्य के लिए अच्छा संकेत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *