- -कहा, चन्नी ने मीडिया के समक्ष मेरे गोत्र, जाति और समाज के बारे में बहुत ही आपत्तिजनक शब्द बोले
चंडीगढ़
आम आदमी पार्टी (आप) राष्ट्रीय प्रवक्ता व दिल्ली से विधायक और पंजाब मामलों के सह-इंचार्ज राघव चड्ढा ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर (राघव चड्ढा की जाति) खत्री समाज के बारे में अपशब्द (आपत्तिजनक शब्द) बोलने का आरोप लगाया है। चड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी ने आपत्तिजनक शब्द बोल कर खत्री समाज का अपमान किया है, जिस कारण पंजाब के खत्री समाज में मुख्यमंत्री चन्नी के ख़िलाफ़ रोष और गुस्सा पाया जा रहा है।
सोमवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधन करते राघव चड्ढा ने कहा, ‘मेरी तरफ़ से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के हलक़े में पड़ते गांव जिन्दापुर में नाजायज़ खनन वाले स्थान को पंजाब वासियों के समक्ष रखा गया था और दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री चन्नी के संरक्षण में ही रेत माफ़िया प्रदेश में चल रहा है। जिससे बौखलाए मुख्यमंत्री चन्नी ने रोपड़ में मीडिया के समक्ष मेरे गोत्र, जाति और समाज के बारे में बहुत ही आपत्तिजनक शब्द बोले थे। ‘चड्ढा ने कहा कि पूरे पंजाब में खत्री समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री चन्नी की ओर से अपशब्द बोलने का बुरा मनाया है और उनको (चड्ढा) फ़ोन करके रोष ज़ाहिर किया है।
राघव चड्ढा ने कहा, ‘मुख्यमंत्री चन्नी मुझे जो मर्ज़ी कहें, मैं बर्दाश्त कर सकता हूं, परन्तु मेरी जाति और खत्री समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। पंजाब में बड़े स्तर पर खत्री समाज रहता है। मुख्यमंत्री चन्नी खत्री जाति बिरादरी को गाली न दें। मुख्यमंत्री खत्री समाज से क्यूं दुश्मनी लेना चाहते हैं।’
चड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी की ओर से बोले गए शब्दों को वह दुहराना नहीं चाहते, क्योंकि पंजाब में सभी बिरादरियों के लोग एक छत के नीचे रहते हैं और सब मिलजुल कर रहते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब गुरूओं-पीरों की धरती है। मुख्यमंत्री ने खत्री समाज के बारे में जो कहा है वह पंजाब और पंजाबियत के ख़िलाफ़ है। राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब गुरू साहिबानों की धरती है। इस धरती पर सभी जातियों और धर्मों का मान-सम्मान किया जाता है। मुख्यमंत्री पंजाब ने अपमानजनक शब्द बोल कर पंजाब और पंजाबियत का अपमान किया है।