चंडीगढ़,अमेरिका में पंजाब के लोगों की बढ़ती मांग को देखते हुए चंडीगढ़ में अमेरिकी कान्सलेट खोले जाने का समर्थन करते हुए, पंजाब के राज्यपाल और यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री बनवारी लाल पुरोहित ने भारत सरकार के विदेश मंत्री को एक पत्र लिखा है।
केंद्रीय विदेश मंत्री को लिखे इस पत्र में राज्यपाल ने लिखा है कि पंजाबी बड़े ही उत्साही लोग होते हैं जो देश-विदेश में घूमना पसंद करते हैं। अमेरिका में प्रवासी भारतीयों की कुल संख्या में इनका एक बहुत बड़ा हिस्सा है। इस समुदाय की विशेषता यह है कि इसके सदस्य अपनी जड़ों से पूरी तरह जुड़े हुए हैं और भारत में अपने परिवारों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। इसलिए चंडीगढ़, जो पंजाबी संस्कृति का प्रमुख केंद्र है, में अमेरिकी कान्सलेट खोले जाने के लिए यह एक अच्छा कारण है।
उन्होंने पत्र में लिखा कि भारत में एक अतिरिक्त अमरीकी कान्सलेट की मांग के लिए अमरीकी सांसदों द्वारा भी दबाव डाला जा रहा है, जो इस मांग को और प्रबलता प्रदान करता है।
इस पत्र में उल्लेख किया गया है कि भारत के अमेरिका में पांच कान्सलेट हैं, जबकि अमेरिका के भारत में केवल चार हैं।
राज्यपाल ने कहा कि यदि चंडीगढ़ में एक अमेरिकी कान्सलेट खोला जाता है, तो यह राज्य के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक आयामों को स्पर्श करने के उद्देश्यों की पूर्ति करेगा। उन्होंने विदेश मंत्रालय से इस मामले को उपयुक्त अमेरिकी अधिकारियों के साथ आगे बढ़ाने का अनुरोध किया।