Breaking News

विकसित भारत बनाने के लिए पहला वोट भाजपा को दें मतदाता : नायब सैनी

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा है कि नव मतदाता विकसित भारत के सपने को साकार होता देखना चाहते हैं, इसलिए वे फिर से नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुक हैं। नायब सैनी ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार में डूबी पार्टी बताया और कहा कि जो कांग्रेस परिवारवाद से बाहर नहीं निकल पा रही, वह जनता का कभी भला नहीं कर सकती। सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार ने सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी सरकार दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सैनी भारतीय जनता पार्टी के जीटी रोड स्थित कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 110वां मन की बात कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर सुना और इसके बाद सैनी अपने स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए। स्वागत समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने दीवार लेखन किया और कार्यकर्ताओं तथा जनता से एक बार फिर मोदी सरकार बनाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात के माध्यम से देश के युवाओं से जुड़ते हैं, अपने अनुभव साझा करते हैं, इससे लोगों का उत्साह बढ़ता है। उनके आत्मविश्वास को बल मिलता है और यही आत्मविश्वास युवाओं के आत्मनिर्भरता का आधार बनता है। सैनी ने कहा कि भारत एक आत्मनिर्भर देश बनेगा, इसमें युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने सभी युवाओं का आह्वान किया कि अपने व्यक्तित्व विकास पर बल दें और देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का साथ दें। उन्होंने युवाओं से अनुरोध किया कि वे मधुमक्खी पालन, गौ पालन और बकरी पालन करके स्वयं और साथियों को भी रोजगार प्रदान करें। इन योजनाओं पर अनुदान व बीमा योजनाओं का भी लाभ उठाएं।

नायब सैनी ने कहा कि संगठन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम के कारण ही करनाल लोकसभा क्षेत्र रिकॉर्ड जीत के मामले में भारत में दूसरे नम्बर पर रहा था। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी लोकसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ता परिश्रम करके करनाल लोकसभा सहित हरियाणा की सभी दस सीटें भाजपा की झोली में डालेंगे। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि अबकी बार 400 पार और फिर एक बार मोदी सरकार के नारे को सार्थक करेंगे।

मन की बात कार्यक्रम के बाद नायब सैनी विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एडवोकेट सुभाष सैनी द्वारा आयोजित सम्मान और स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे जहां उनका फूल मालाओं से जबरदस्त स्वागत हुआ। प्रदेश अध्यक्ष को मोटरसाइकिल रैली निकाल कर भाजपा जिला कार्यालय (जीटी रोड) तक लाया गया। इस रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष बलविन्द्र आर्य ने किया। रैली के दौरान सभी वर्गों का उत्साह देखते ही बनता था और रैली के आरंभ और समापन तक मुख्य अतिथि पर फूलों की वर्षा होती रही।

भाजपा जिला कार्यालय में पहुंचने पर करनाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद संजय भाटिया, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, भाजपा वरिष्ठ नेता नीतिसेन भाटिया, शहरी विधायक प्रमोद विज, ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता, जिला प्रभारी उमेश शर्मा, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, भाजपा नेता संजय छोक्कर, गजेन्द्र सलूजा, विजय जैन, देवेन्द्र दत्ता, जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा, पूर्व मेयर अवनीत कौर और जिला के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और कर्मठ कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। मंच संचालन जिला महामंत्री कृष्ण छोक्कर ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वन्दे मातरम और भारत माता की जय के साथ हुआ। पानीपत के भाजपा जिला कार्यालय में ऑनलाइन माध्यम से लाइव चल रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मन की बात के 110वें कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी के साथ सांसद संजय भाटिया, विधायक प्रमोद विज आदि सहित तमाम नेताओं और सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने सुना। संजय भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिन रात मेहनत करके देश के विकास को गति दी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *